20 वर्षीय नवविवाहिता की जलकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
भानपुरा। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात में मगनजी की बाड़ी छत्री मार्ग स्थित कालोनी में 20 वर्षीय नवविवाहिता की आग लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति का कहना है कि वह नए मोबाइल की जिद कर रही थी, अभी लाकडाउन में पगार नहीं मिलने से परेशान था। अगले महीने दिलाने को कहा था, पर उसने नाराज होकर पेट्रोल डालकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने अपनी इकलौती बेटी की जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इससे मामला संदिग्ध हो गया है। अब पुलिस इसकी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मूलतः बोलिया निवासी 20 वर्षीय दीपिका ने 11 सितंबर 2019 को 24 वर्षीय नितेश माली निवासी भानपुरा से कोर्ट मैरिज की थी। इसमें दोनों के स्वजन की सहमति भी थी। नितेश माली ने बताया कि मैं कपड़े की दुकान पर नौकरी करता हूं, लाकडाउन में पर्याप्त पगार नहीं मिल रही है। पत्नी ने नए मोबाइल की फरमाइश की थी। उसके पास पुराना मोबाइल था जिस पर वह गेम खेलने के साथ सीरियल भी देखती थी। संयुक्त परिवार होने से मेरे कमरे में टीवी नहीं है इसलिए मैंने उससे वादा किया था कि अगले माह नया मोबाइल दिला दूंगा। पर वह नए मोबाइल की जिद कर रही थी। रात 11 बजे कमरे से बाहर निकलकर उसने मेरे बाहर से कुंडी लगा दी। नीचे से पेट्रोल की केन लेकर आई और गैलरी में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। उसके चिल्लाने की आवाज पर सभी इकट्ठे हुए। पुलिस, एंबुलेंस को फोन लगाया परंतु तब तक दीपिका की मौत हो चुकी थी।
कहासुनी के चलते सुबह से भोजन भी नहीं किया था दीपिका ने
रविवार सुबह बोलिया से आई दीपिका की माता प्रेमदेवी ने आरोप लगाया कि मेरी बेटी आत्महत्या नहीं सकती, वह मेरी इकलौती बेटी थी। मैं हमेशा उसकी पसंद का सामान देती रहती थी। मोबाइल भी दे सकती थी। शनिवार रात नौ बजे भी उसने ससुराल वालों से कहासुनी के चलते सुबह से भोजन नहीं करने की बात कही थी। मैंने जब जमाई नितेश से कहा कि दीपिका को समझाकर भोजन करा दो तो नितेश ने ठीक से बात भी नहीं की थी। मृतका के पति नितेश, देवर अशोक व अन्य स्वजनों ने बताया कि हमारी किसी तरह से कोई माथापच्ची नहीं हुई थी। मोबाइल दिलाना था परंतु नया दिलाते उसके पहले ही आत्महत्या कर ली। किसी भी तरह से परेशान करने के आरोप बेबुनियाद हैं।
टीआइ कमलेश कुमार सिंगार ने बताया कि नवविवाहिता की मौत हुई है। प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच में लिया है। नवविवाहिता की जलने से हुई मौत का मामला है। पूरी तरह से जांच करने के बाद जो भी साक्ष्य मिलते हैं, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नवविवाहिता का शव पीहर पक्ष को शव सौंपा गया है।

Local media ka yehi farz hai — shukriya.
Pooja Mehta
13 Jun,2026