एक दिन पहले स्लाट बुक कराते, ऐन सुबह कर रहे निरस्त
मंदसौर । जिले में अभी टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ी भी नहीं थी कि वैक्सीन मिलना ही बंद हो गई है। इसके चलते स्लाट बुक होने के बाद भी दो दिन से जिले के अधिकांश सेंटर पर वैक्सीनेशन निरस्त करना पड़ रहा है। ऐन सुबह निरस्त करने के चलते सभी लोगों तक सूचना भी नहीं पहुंच पाती है और फिर वह इधर-उधर भटक रहे हैं। शु्क्रवार को जिले में बचे हुए 600 डोज भी खत्म हो गए और अभी तक उज्जैन से वैक्सीन भेजने के लिए कोई मैसेज भी नहीं आया है। अब तक जिले में वैक्सीन की कुल 186366 डोज लग पाई है। इनमें पहली डोज 160025 को और दूसरी डोज 26341 को लग चुकी है। मतलब कुल 26341 लोग ही पूरी तरह टीकाकृत कहे जा सकते हैं।
जिले में जिस तेजी से टीकाकरण होना चाहिए, नहीं हो पा रहा है। इसका कारण शासन की तरफ से पर्याप्त डोज नहीं मिलना है। जिले में 117 सेंटर पर वैक्सीनेशन की व्यावस्था है पर टीकों की कमी के चलते शुक्रवार को भी 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों के लिए शासकीय नूतन हाईस्कूल व साबाखेड़ा में पहली एवं दूसरी डोज लगाई गई। इसके अलावा गनेड़ीवाल धर्मशाला गांधी चौराहे पर कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। वहीं 18 प्लस वालों के लिए के दूसरे डोज की व्यवस्था लांड्री एरिया नूतन स्कूल सामने महू-नीमच रोड पर की गई। इसके अलावा जिले के बाकी बचे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन नहीं किया गया। 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति को टीकाकरण की पहली डोज के लिए प्रेरित कर लाने वाले 18 वर्ष से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण शासकीय नूतन हाईस्कूल में आनसाइट बुक कर किया गया। शुक्रवार शाम को सूचना जारी की गई कि अब अभी अगले आदेश तक 18 प्लस के टीकाकरण के लिए स्लाट बुक नहीं होंगे।
* अभी जिले में शुक्रवार को 600 डोज बचे थे जो सभी लगा दिए हैं। अब उज्जैन से मैसेज आएगा तो वैक्सीन के डोज लेने जाएंगे। तब तक टीकाकरण नहीं हो पाएगा।-डा. केएल राठौर, सीएमएचओ
मंदसौर जिले में टीकाकरण की स्थिति
कुल स्थान-117
कुल सत्र-2532
स्वास्थ्यकर्मी- 10370 (पहली डोज 6019 दूसरी डोज 4351)
फ्रंटलाइन वर्कर - 8919 (पहली डोज 5802 दूसरी डोज 3117)
18 से 44 वर्ष तक- 46798 (पहली डोज 45886 दूसरी डोज 912)
45 से 59 वर्ष तक-65069 (पहली डोज 58758 दूसरी डोज 6311)
60 वर्ष से अधिक- 55270 (पहली डोज 43620 दूसरी डोज 11650)
कुल-186366 (पहली डोज 160025 दूसरी डोज 26341)
जिले की संभावित जनसंख्या
45 वर्ष से अधिक-369900 (वैक्सीन लगी 102378, 27.67 प्रतिशत)
18 वर्ष से 44 वर्ष-685853(वैक्सीन लगी 45886, 6.69 प्रतिशत)
कुल-1055753 (वैक्सीन लगी 148264, 14.04 प्रतिशत)

Great reporting! Share kiya WhatsApp group mein.
Mohit Jain
03 Jun,2026